कटनी शहर के भट्टा मोहल्ला स्थित मुक्ति धाम की पानी की टंकी से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि ठेके पर संचालित इस पानी टंकी की देखरेख में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण हर महीने कई बार पेयजल आपूर्ति बाधित होती है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार टंकी से पानी सप्लाई के लिए इस्तेमाल होने वाला मुख्य वॉल्व वर्षों से खराब पड़ा है, लेकिन उसे बदलने के बजाय बार-बार अस्थायी जुगाड़ के सहारे काम चलाया जा रहा है। इसके चलते पानी वितरण व्यवस्था बार-बार प्रभावित होती है।
क्षेत्रवासियों का यह भी आरोप है कि नगर निगम के जल विभाग के अधिकारियों को समस्या की जानकारी होने के बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर बारिश के मौसम को देखते हुए नगर निगम शहरभर में नालियों और नालों की सफाई का दावा कर रहा है, लेकिन भट्टा मोहल्ला क्षेत्र में बारडोली कॉलेज के पास स्थित बड़े कच्चे नाले की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की सफाई और जल निकासी के लिए सीमेंट पाइप डालने की मांग कई बार अधिकारियों और वार्ड स्तर के कर्मचारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
नतीजतन, हर वर्ष बारिश के दौरान पूरा इलाका जलभराव की समस्या से जूझता है और लोगों का जनजीवन प्रभावित होता है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने, खराब वॉल्व को तत्काल बदलने और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की सप्लाई बार-बार बंद हो जाती है। कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बारिश में पूरा इलाका पानी से भर जाता है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

एक टिप्पणी भेजें