बांधवगढ़ में फिर मिला बाघ का शव, मौत की वजह अज्ञात; लैब रिपोर्ट का इंतजार।
उमरिया के विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ में फिर मिला नर बाघ का शव, 8 से 10 वर्ष थी उम्र,डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर से हुई सघन सर्चिंग, शरीर के सभी अवयव सुरक्षित मिले, लैब रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मानपुर बफर परिक्षेत्र का है, जहां 18 नवंबर को नियमित वन गश्ती के दौरान एक नर बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। मृत बाघ की उम्र लगभग 8 से 10 वर्ष बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, मानपुर बफर परिक्षेत्र के बिजौरी सर्कल अंतर्गत देवरी-बी बीट में 18 नवंबर की दोपहर बाद पैदल गश्ती के दौरान बीट प्रभारी एवं सुरक्षा श्रमिक ने सबसे पहले बाघ का शव देखा। इसकी सूचना मिलते ही सहायक संचालक मानपुर और वन परिक्षेत्र अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर से हुई सर्चिंग
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा एवं साक्ष्य संरक्षण की कार्रवाई की गई। शहडोल से बुलाए गए डॉग स्क्वाड, मेटल डिटेक्टर और वन विभाग के मैदानी अमले की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिंग की गई। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई।
सभी अंग और नाखून सुरक्षित, लैब रिपोर्ट का इंतजार
19 नवंबर को विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों डॉ. अभय सेंगर एवं डॉ. विपिन चंद्र आदर्श द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मृत बाघ का शव विच्छेदन किया गया। विभाग के अनुसार बाघ के सभी अवयव, नाखून और दांत सुरक्षित पाए गए। शव विच्छेदन के दौरान आवश्यक नमूने भी एकत्र किए गए, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा।
इसके बाद NTCA के प्रोटोकॉल के अनुसार बाघ का दाह संस्कार कर दिया गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
इस दौरान वन संरक्षक रीवा वृत्त अनुराग कुमार, उप संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व योहान कटारा, NTCA प्रतिनिधि डॉ. ज्ञानेंद्र प्रजापति सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्राम पंचायत मझखेता के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
वन विभाग के अनुसार नर बाघ की मृत्यु का वास्तविक कारण फिलहाल अज्ञात है। शव विच्छेदन के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल वन विभाग द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के वन क्षेत्र में सतत निगरानी और सघन गश्ती की जा रही है।
(ब्यूरो रिपोर्ट)

एक टिप्पणी भेजें