कुएँ में मिला दो दिन से लापता युवक का शव,साथ में मिली मोटरसाइकिल,जाँच में जुटी पुलिस।
Body of youth missing for two days recovered from well; Motorcycle found alongside the body; Police investigating.
उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम असोढ़ में सोमवार दोपहर एक कुएं से एक व्यक्ति का शव एवं उसकी बाइक बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कामता पटेल उम्र लगभग 58 वर्ष पिता स्वर्गीय सुग्रीम पटेल, निवासी ग्राम चिमटा 20 जून शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था।
परिजनों द्वारा उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट अमरपुर चौकी में दर्ज कराई गई थी,सोमवार को ग्राम असोढ़ स्थित माटिहाई हार मे एक कुएं में बाइक और शव दिखाई देने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पहचान कामता पटेल के रूप में की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही इंदवार थाना प्रभारी एवं अमरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना से परिजनों और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
(राजर्षि मिश्रा की रिपोर्ट)

एक टिप्पणी भेजें