कटनी। शहर के भट्टा मोहल्ला स्थित पानी की टंकी से जुड़ी अव्यवस्थाओं को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेके पर संचालित यह पानी टंकी लोगों को राहत देने के बजाय उनकी आंखों में आंसू लाने का काम कर रही है। नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने से रहवासी रोजाना परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी ठेकेदार पर कार्रवाई करने के बजाय उसकी कार्यप्रणाली पर पर्दा डाल रहे हैं, जिससे आम जनता की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। वही भट्टा मोहल्ला पानी के टंकी के ठेकेदार सौरभ पाठक को यदि पानी सप्लाई के लिए फोन लगाया जाता है तो उनके पास फोन ही उठाने के वक्त ही नहीं रहता।
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब शहर के आम लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब जिम्मेदार अधिकारियों की संवेदनशीलता आखिर कहां है। उनका कहना है कि यदि अधिकारियों के घरों में भी जलापूर्ति बाधित हो जाए और उनके परिवारों को ऐसी ही परेशानियों का सामना करना पड़े, तब शायद वे आम जनता की पीड़ा को समझ पाएंगे।
रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जलापूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, ठेकेदार की कार्यप्रणाली की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े।

एक टिप्पणी भेजें