कटनी में पेयजल संकट गहराया, रहवासियों ने ठेकेदार और अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
कटनी जिले के भट्टा मोहल्ला स्थित मुक्तिधाम पानी टंकी क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर स्थानीय रहवासियों का आक्रोश फूट पड़ा।कावाजी वार्ड के लोगों ने पानी टंकी के सामने कड़ी धूप में अपने पूरे परिवार के साथ खाली पानी के डिब्बे और गुम्मे बजाकर नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुक्तिधाम स्थित पानी की टंकी का संचालन ठेके पर किया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार द्वारा नियमित और पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं की जा रही। स्थिति यह है कि वार्ड के कुछ हिस्सों में पानी पहुंच रहा है, जबकि आधे से अधिक क्षेत्र के लोग पानी के लिए परेशान हैं।
रहवासियों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा से नाराज लोगों ने पानी की टंकी के सामने एकत्र होकर खाली बर्तन बजाए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस नेता मंगल सिंह और संजय गुप्ता ने भी वार्डवासियों के साथ प्रदर्शन में भाग लिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर निगम जल्द ही नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं करता, तो वे पानी की टंकी पर चढ़कर उग्र आंदोलन करेंगे और तब तक नीचे नहीं उतरेंगे, जब तक वार्ड के प्रत्येक घर तक पानी नहीं पहुंच जाता।
मंगल सिंह ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और जल विभाग के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत के कारण जनता को पानी नहीं मिल रहा, जबकि ठेकेदार के बिल नियमित रूप से पास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारी और ठेकेदार जनता की मूलभूत समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। वही कांग्रेसी नेता संजय गुप्ता ने यह भी कहा कि कावसजी वार्ड के अलावा इससे लगे हुए विवेकानंद वार्ड की यही समस्या है। इस वार्ड में भी पानी की सप्लाई की समय सीमा नहीं है और कुछ गलियों में पानी मिलता है और कई गलियों में पानी ही नहीं मिलता है वही जो पानी भी दिया जा रहा है वह पीने योग्य ही नहीं है।

एक टिप्पणी भेजें