Top News

कटनी - करोड़ों की जमीन पर दबंगों का साया, निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी।

 


कटनी जिले में जमीन विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। बरगवां क्षेत्र के निवासी पैट्रिक डन ने कटनी के एडीएम और तहसीलदार को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि उनकी करोड़ों रुपये की पैतृक जमीन पर कुछ असामाजिक तत्व निर्माण कार्य में लगातार बाधा डाल रहे हैं। यह जमीन माधवनगर थाना क्षेत्र में एलआईसी ऑफिस के पीछे स्थित है, जहां इन दिनों बाउंड्री वाल का निर्माण कार्य चल रहा है। शिकायत के मुताबिक कुछ अराजक तत्व मौके पर पहुंचकर मजदूरों को धमका रहे हैं और दीवार गिराने की बात कह रहे हैं।


शिकायतकर्ता पैट्रिक डन का कहना है कि वह अपनी पैतृक एवं स्वामित्वाधीन अचल संपत्ति के वैध मालिक और कब्जाधारी हैं। यह जमीन खसरा नंबर 209, 210 और 211 में दर्ज है, जो पटवारी हल्का बरगवां, तहसील कटनी नगर, जिला कटनी में स्थित है। अपनी जमीन की सुरक्षा और संरक्षण के लिए वह वहां बाउंड्री वाल का निर्माण करवा रहे हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से कुछ अज्ञात असामाजिक तत्व निर्माण स्थल पर पहुंचकर अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं और काम रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं। पैट्रिक डन के मुताबिक ये लोग उनसे पैसों की मांग कर रहे हैं और रकम न देने पर निर्माण कार्य बंद करवाने व गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं।

इन धमकियों के चलते निर्माण कार्य में लगे मजदूरों में भी डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। फिलहाल पैट्रिक डन ने प्रशासन से पूरे मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि एडीएम और तहसीलदार इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाता है।

Post a Comment

और नया पुराने