कटनी/ देशभर में सामने आए NEET पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कटनी ने सुभाष चौक पर विशाल मशाल जुलूस निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवाओं के भविष्य के साथ हुए अन्याय के खिलाफ सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
हाथों में मशाल और तख्तियां लेकर कांग्रेसजनों ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली की अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थी वर्षों तक कठिन परिश्रम, संघर्ष और आर्थिक परेशानियों के बीच NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और सपनों पर सीधा प्रहार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता कमजोर हो रही है और युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। सौरभ सिंह ने केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई करने तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा प्रणाली को प्रभावित नहीं करता, बल्कि लाखों युवाओं के आत्मविश्वास और सपनों को भी तोड़ने का काम करता है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। मशाल जुलूस के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर गहरा आक्रोश जताते हुए सरकार से तत्काल सख्त और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

एक टिप्पणी भेजें