कटनी जिले की बरही तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बरन महंगवां में श्मशान भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम बरन महंगवां स्थित भूमि खसरा क्रमांक 1589/2843 पर पंचायत एजेंसी द्वारा सीपीटी (CPT) कार्य कर श्मशान भूमि को सुरक्षित एवं आरक्षित किया गया था, लेकिन उसी भूमि के एक हिस्से पर एक व्यक्ति द्वारा कब्जा कर लिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार उक्त भूमि चौधरी समाज के समाधि स्थल एवं अंतिम संस्कार के लिए उपयोग में लाई जाती है। आरोप है कि सीपीटी कार्य के भीतर की भूमि पर महेंद्र गिरी पिता जगदीश गिरी द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में तहसील बरही, ग्राम पंचायत एवं सरपंच को लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है। यह मामला क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक तक भी पहुंचा। विधायक ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों से शिकायत प्राप्त हुई है।उन्होंने कहा कि मुक्ति धाम के विकास के लिए उनकी ओर से शेड निर्माण हेतु बजट उपलब्ध कराया गया है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा।विधायक का कहना है कि मुक्ति धाम का विकास होने के बाद अतिक्रमण और कब्जे की समस्या स्वतः समाप्त हो जाएगी। अब ग्रामीण प्रशासन से श्मशान भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पूरे मामले पर प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें