घर में घुसकर तेंदुए ने पालतू कुत्ते का किया शिकार..सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीरें।
वीडियो में देखा जा सकता है कि देर रात तेंदुआ घर में घुसा। वहां सो रहे कुत्ते पर हमला कर दिया। तेंदुए ने डॉग का गला दबोच लिया। इस दौरान कुत्ता छटपटाता रहा। तेंदुए ने तब तक गला नहीं छोड़ा, जब तक कुत्ते ने दम नहीं तोड़ दिया। आंगन में खून ही खून फैल गया। एक दिन पहले ही तेंदुए ने बीजेपी पार्षद के घर पिल्लों का शिकार किया था।
दीवार फांदकर शिकार को ले गया तेंदुआ
यह घटना ग्राम बाबू सालेटोला की है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात किसान धर्मेश साहू (34) के घर की दीवार फांदकर तेंदुआ घर में घुसा था। उसने पालतू डॉग को अपना निवाला बनाया। इसके बाद उसे मुंह में दबाकर वापस दीवार फांदकर भाग निकला।
सुबह उठा परिवार, तो लगी घटना की जानकारी
सुबह जब परिवार उठा, तो डॉग गायब था और आंगन में खून मिला। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किया, तब जाकर उन्हें पता चला कि तेंदुए ने डॉग का शिकार किया है। थोड़ी ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
पहले भी आ चुका है तेंदुआ
धर्मेश साहू ने बताया कि पहले भी तेंदुआ दो-तीन बार उनके घर आ चुका है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। शाम ढलने के बाद लोग अपने घरों ने निकलने के लिए डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार वन अमले से की गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
निगरानी में जुटा वन विभाग
वन मंडल अधिकारी रौनक गोयल का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद वन विभाग तेंदुए की निगरानी में जुट गया है। लोगों के घरों से CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जहां पर CCTV कैमरे नहीं लगे हैं, वहां कैमरे लगाकर निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर तेंदुए को रेस्क्यू कर दूसरे जगह छोड़ा जाएगा।
0 टिप्पणियाँ