शहडोल IG ने थाना प्रभारी समेत तीन पुलिस अधिकारियों को किया निलंबित,हिरासत से आरोपी के भागने पर कार्यवाही।
Shahdol IG suspended three police officers including the station in-charge, action taken after the accused escaped from custody.
लूट के आरोपी का हिरासत से भागने मामले में IG शहडोल ने थाना प्रभारी समेत तीन पुलिस अधिकारियो को किया निलंबित,इन्दवार थाना अंतर्गत सराफा कारोबारी से सोने चांदी के गहने लूटने का मामला,दो आरोपी गिरफ्ताऱ
उमरिया। जिले के इंदवार थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी से हुई लूट के मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लूटकांड के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मामले में कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी सहित तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 2 मई को पनपथा जंगल के हथिनी गांव के पास ज्वेलरी स्टोर संचालक संतोष सोनी से सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लूट लिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने जांच करते हुए दो आरोपियों नागेश वासुदेवा निवासी चिमटा और सत्यम मांझी निवासी रैपुरा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बरही निवासी बंटी ताम्रकार का नाम बताया और कहा कि लूट के जेवर उसी के पास रखे गए हैं।
पुलिस बुधवार को बंटी ताम्रकार को हिरासत में लेकर इंदवार थाना पहुंची। आरोपी के पास से करीब 1 किलो 50 ग्राम चांदी और 15 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी फोन पर बात करने का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
आरोपी के फरार होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए इंदवार थाना प्रभारी विजय पाटले, उपनिरीक्षक सूर्यपाल सिंह और सहायक उपनिरीक्षक अमर बहादुर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वहीं नंदलाल धुर्वे को नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
एसडीओपी पी.एल. परस्ते ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
(ब्यूरो रिपोर्ट)

एक टिप्पणी भेजें