Top News

कटनी - ठेकेदार ने सब नगर निगम इंजीनियर पर लगाए गंभीर आरोप, 4% कमीशन और ब्याज वसूली का दावा।

 

कटनी नगर निगम के एक ठेकेदार ने नगर निगम के सब इंजीनियर पवन श्रीवास्तव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस और अधिकारियों से शिकायत की है। ठेकेदार का आरोप है कि सरकारी कार्यों के बिल पास कराने के एवज में उससे 4 प्रतिशत कमीशन मांगा गया। इतना ही नहीं, ठेकेदार ने हर महीने 35 हजार रुपये देने और 8 से 10 प्रतिशत ब्याज वसूलने का भी आरोप लगाया है।




एसपी कार्यालय पहुंच शिकायत में ठेकेदार चंद्रेश शुक्ला ने बताया है कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से नगर निगम और पीडब्ल्यूडी में ठेकेदारी का काम कर रहा है। आरोप है कि वर्ष 2023-24 से किए गए कई सरकारी कार्यों के बिलों के भुगतान के लिए सब इंजीनियर पवन श्रीवास्तव द्वारा कथित तौर पर 4 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई और भुगतान रोकने का दबाव बनाया गया। ठेकेदार का दावा है कि रकम को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2026 तक वह हर महीने 35 हजार रुपये देता रहा। शिकायत के मुताबिक इस तरह करीब 6 लाख 65 हजार रुपये दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर उससे मूल रकम के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये और मांगे गए। ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि मई 2026 से आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह रकम नहीं दे पाया, जिसके बाद उसके नगर निगम के बिल रोक दिए गए और उसे कथित तौर पर धमकियां मिलने लगीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे ठेकेदारी बंद कराने, शहर में रहना मुश्किल करने और जान से मारने तक की धमकियां दी गईं। उसने यह भी दावा किया है कि उसके पास व्हाट्सऐप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग, दस्तावेज और गवाहों के बयान मौजूद हैं। शिकायतकर्ता ने अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर सब इंजीनियर के खिलाफ कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।



जांच अधिकारी डीएसपी शिवा पाठक ने बताया कि नगर निगम के ठेकदार चंद्रेश शुक्ला ने नगर निगम के इंजीनियर पवन श्रीवास्तव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत पत्र दिया है। जिसकी जांच की जा रही है।


Post a Comment

और नया पुराने