बांधवगढ़ की महिला रेंजर को अदम्य साहस के लिए किया गया सम्मानित,टाइगर रिज़र्व के फील्ड डायरेक्टर ने किया पुरुस्कृत।
Bandhavgarh's female ranger was honored for her indomitable courage, awarded by the Field Director of the Tiger Reserve.
उमरिया। जिले के विश्वाप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के पतौर परिक्षेत्रधिकारी सुश्री अंजू वर्मा को पार्क प्रबंधन ने सेवा के दौरान अदम्य साहस के लिए सम्मानित किया गया है, बीट 24 मई को पनपथा बफर परिक्षेत्र के ग्राम खेरवा टोला में बाघ द्वारा घर में घुसकर एक महिला की जनहानि एवं अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल की घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर परिक्षेत्र अधिकारी पतौर,सुश्री अंजू वर्मा अपने स्टाफ सहित तत्काल घटनास्थल पर पहुँचीं,ताकि ग्राम पनपथा के खैरवा टोला में घायल व्यक्तियों को हॉस्पिटल भेजा जा सके तथा घर के अंदर मौजूद बाघ का रेस्क्यू में सहयोग प्रदान किया जा सके।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुष एकत्रित थे। स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण थी। इसी दौरान अचानक ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और मौके पर उपस्थित वनकर्मियों पर लाठी एवं पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में कई वनकर्मी घायल हो गए तथा उन्हें अपनी जान बचाकर वहाँ से हटना पड़ा।
उग्र भीड़ ने परिक्षेत्र अधिकारी पतौर,सुश्री अंजू वर्मा को घेरकर लगभग 4 से 5 घंटे तक घेरे रखा तथा उनके साथ अभद्रता एवं मारपीट भी की गई। अत्यंत विषम एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सुश्री अंजू वर्मा ने अदम्य साहस, धैर्य एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए ग्रामीणों से सतत संवाद बनाए रखा। उन्होंने प्रशासन एवं ग्रामीणों के मध्य सामंजस्य स्थापित कर स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही जनहानि स्थल पर मौजूद बाघ तथा स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उल्लेखनीय साहस का प्रदर्शन किया।
घटना के दौरान अनेक वनकर्मियों को ग्रामीणों द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सुश्री अंजू वर्मा द्वारा प्रदर्शित साहस, ग्रामीणों से सतत संवाद, कर्तव्यनिष्ठा एवं नेतृत्व क्षमता को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर द्वारा उन्हें ₹25,000/- की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बता दें अंजू वर्मा वर्ष 2016 बैच की रेंज ऑफिसर हैं। अपने सेवाकाल में उन्होंने खवासा रेंज (साउथ सिवनी सामान्य वनमंडल) तथा शाहगढ़ रेंज (नॉर्थ सागर सामान्य वनमंडल) में सेवाएँ प्रदान की हैं। वर्तमान में वे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र में पदस्थ हैं।
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व प्रबंधन उनके इस साहसिक कार्य की प्रशंसा करता है तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता है।
(ब्यूरो रिपोर्ट)

एक टिप्पणी भेजें